दिल्ली सचिवालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में तय की गईं योजना के नियम व शर्तें
दिल्ली,संवाददाता : दिल्ली में भाजपा द्वारा घोषित महिला समृद्धि योजना को अब दिल्ली सरकार की कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है। इस योजना के तहत, दिल्ली सरकार पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। यह योजना दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भाजपा के घोषणापत्र का हिस्सा थी, जिसकी औपचारिक घोषणा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की थी।
शनिवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में महिला समृद्धि योजना के नियम और शर्तें तय की गईं। इस योजना का लाभ सिर्फ उन्हीं महिलाओं को मिलेगा, जो निर्धारित शर्तों को पूरा करेंगी। योजना के तहत, प्रत्येक परिवार से एक महिला को सहायता प्राप्त होगी। इसके लिए पात्र महिला की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम सालाना आय 2.50 लाख रुपये होनी चाहिए। योजना के लाभार्थी के लिए दिल्ली का वोटर कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाता, आय प्रमाण पत्र और बैंक खाते से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक होंगे। महिला समृद्धि योजना का लाभ उन महिलाओं को मिलेगा जिनके पास बीपीएल कार्ड है और जो गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रही हैं। दिल्ली सरकार ने महिला समृद्धि योजना के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शुरू करने की योजना बनाई है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आम आदमी पार्टी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला करते हुए कहा कि “वह कहते थे कि यह (आतिशी) कामचलाऊ मुख्यमंत्री है।” उन्होंने दिल्ली की महिलाओं के लिए भाजपा की योजनाओं का समर्थन किया और महिला समृद्धि योजना का स्वागत किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिला समृद्धि योजना की शुरुआत को महिला दिवस का एक बड़ा उपहार बताते हुए कहा, “महिलाओं को भाजपा में सम्मान, स्नेह और मजबूती मिलती है, जो कभी किसी अन्य पार्टी में नहीं मिली। हम दिल्ली में अपनी बहनों को सशक्त बनाने के लिए हर कार्य करेंगे।” रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि दिल्ली में पिंक पीसीआर और पिंक पुलिस स्टेशन बढ़ाने के साथ-साथ सभी जिलों में वन स्टॉप सेंटर बनाने का काम चल रहा है। इसके अलावा, पब्लिक टॉयलेट्स से महरूम दिल्ली में अब पिंक टॉयलेट्स का निर्माण किया जाएगा।