सभी बचाव गतिविधियों की निगरानी राष्ट्रपति और शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने की
वॉशिंगटन: डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को दावा किया कि ईरान में फंसे अमेरिकी F-15E स्ट्राइक ईगल विमान के लापता चालक दल सदस्य को सफलतापूर्वक बचा लिया गया है। उन्होंने इसे अमेरिकी इतिहास के सबसे साहसी खोज और बचाव अभियानों में से एक बताया।
ट्रंप के अनुसार, अमेरिकी सेना ने अत्याधुनिक हथियारों से लैस दर्जनों विमानों की मदद से इस मिशन को अंजाम दिया। लापता कर्नल ईरान के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद था, जहां दुश्मन उसकी तलाश कर रहे थे। पूरे ऑपरेशन की निगरानी शीर्ष सैन्य और प्रशासनिक स्तर पर लगातार की गई। बताया गया कि यह घटना 3 अप्रैल 2026 को हुई, जब अमेरिकी F-15E Strike Eagle को ईरान ने निशाना बनाकर गिरा दिया था। एक चालक दल सदस्य को पहले ही बचा लिया गया था, जबकि दूसरा लापता हो गया था।
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कथित तौर पर पायलट को पकड़ने के लिए इनाम भी घोषित किया था और बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया था। बचाव अभियान की सफलता के बाद ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि या तो समझौता किया जाए या होर्मुज की खाड़ी को खोला जाए, अन्यथा ईरान को गंभीर सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।






















