ग्रामीणों से किया संवाद , पुलिस थानों का किया निरीक्षण
जैसलमेर,संवाददाता : भारत-पाकिस्तान सीमा पर चल रहे तनावपूर्ण हालातों के बीच गुरुवार को पुलिस महानिरीक्षक (IG) विकास कुमार ने जैसलमेर जिले का दौरा किया। उन्होंने सीमावर्ती पुलिस थानों का निरीक्षण किया, अधिकारियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की और स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी।
अफवाहों पर ध्यान न दें, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें : IG विकास कुमार
IG विकास कुमार ने सीमावर्ती गांवों के नागरिकों से बातचीत करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि नजर आती है, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने ग्रामीणों से ब्लैकआउट निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की भी अपील की।
“हम, हमारा देश और हमारी सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। हमारी सशस्त्र सेनाओं में इतनी ताकत है कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता। किसी दुश्मन की हिम्मत नहीं कि हमारी तरफ नापाक नजर डाल सके,” — IG विकास कुमार
अफवाहों से बचना हमारा नागरिक दायित्व
IG ने कहा कि इस तरह के हालात में अफवाहें सबसे बड़ा खतरा बन सकती हैं। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से सावधान रहने और केवल सरकारी व विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करने की अपील की।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
दौरे के दौरान IG ने सीमा सुरक्षा, पुलिस की गश्त, थाना स्तर पर तैनाती और अन्य सुरक्षा उपायों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए।