भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर दिया बल
नई दिल्ली,संवाददाता : टाटा समूह के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन ने अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने को अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए शुक्रवार को कहा कि यह समूह के इतिहास का सबसे काला दिन है।
उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। चंद्रशेखरन ने अपने सहकर्मियों को लिखे पत्र में कहा, “12 जून को जो हुआ, वह समझ से परे है। यह समझना मुश्किल है कि आखिर यह त्रासदी कैसे हुई। इस घटना से पूरा टाटा समूह सदमे और गहरे शोक में है। एक व्यक्ति की जान जाना भी भारी दुख है, लेकिन इस हादसे में इतने लोगों की जान चली गई। यह दिन टाटा समूह के इतिहास में सबसे काले दिनों में से एक है। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया, उनके लिए शब्दों से सांत्वना देना संभव नहीं, फिर भी हमारी संवेदनाएं मृतकों और घायलों के परिवारों के साथ हैं।”