विभिन्न जिलों से जुटे बौद्ध अनुयायी, जीवन दर्शन और सामाजिक योगदान को किया याद
प्रतापगढ़,संवाददाता : बर्दवनिया, अंतू में निर्वाण प्राप्त दिनेश कुमार राव की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, लखनऊ और रायबरेली समेत विभिन्न जिलों से सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ता और बौद्ध धम्म के अनुयायी शामिल हुए। सभी ने उनके जीवन दर्शन और सामाजिक योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा बौद्ध भिक्षु भंते शील रत्न की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। बौद्धाचार्य तुलसी राम शास्त्री ने विधि-विधान से संस्कार सम्पन्न कराया और बौद्ध धम्म की शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। भंते शील रत्न ने कहा कि जीवन और मृत्यु प्रकृति का नियम है तथा व्यक्ति के अच्छे कार्य उसे अमर बना देते हैं। उन्होंने दिनेश कुमार राव को एक उत्कृष्ट शिक्षक और समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता बताया।
बामसेफ के जिला संयोजक एवं वरिष्ठ पत्रकार संजीव भारती ने कहा कि संविधान निर्माता बोधिसत्व बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर के मानवतावादी आंदोलन को आगे बढ़ाने में दिनेश कुमार राव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने छात्र जीवन से ही समाज निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई और जीवन भर इस मिशन को आगे बढ़ाते रहे। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता श्याम लाल त्यागी ने भी उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी सेवाएं हमेशा स्मरणीय रहेंगी। इस अवसर पर उनके ज्येष्ठ पुत्र एडवोकेट कुल रोशन ने परिवार सहित उनके आदर्शों पर चलने और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिजन, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
























