संजय कपूर एक बिजनेस टाइकून थे, और उन्हें खेलों में भी काफी रुचि थी
मुंबई,संवाददाता : बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का 12 जून को निधन हो गया था। लंदन में पोलो मैच के दौरान उन्होंने मधुमक्खी निगल ली थी, जिसके बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई। अब उनका अंतिम संस्कार उनकी मौत के 8 दिन बाद किया जाएगा। बिजनेसमैन के परिवार ने इसका खुलासा किया है।
कब होगा संजय कपूर का अंतिम संस्कार
रिपोर्ट्स के मुताबिक संजय कपूर के परिवार ने बुधवार को एक प्रेस नोट जारी कर उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी साझा की है। जिसमें संजय कपूर का अंतिम संस्कार आज यानी 19 जून 2025 को शाम 5 बजे नई दिल्ली के लोधी रोड श्मशान घाट पर होगा। दिल्ली में संजय को अंतिम विदाई दी जाएगी। साथ ही 22 जून 2025 को दिल्ली के ताज पैलेस होटल में शाम 4 से 5 बजे के बीच उनकी प्रेयर मीट भी होगी। दरअसल संजय कपूर का निधन यूके में हुआ था और अमेरिकी नागरिक होने की वजह से उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने में देरी हुई।
बिजनेस टायकून थे संजय कपूर
आपको बता दें कि संजय कपूर एक बिजनेस टाइकून थे। वे इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित करने वाली एक प्रमुख ऑटो पार्ट्स निर्माता कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन थे। इसके अलावा, उन्हें खेलों में भी काफी रुचि थी। वे पोलो में अपनी गहरी भागीदारी के लिए जाने जाते थे। उन्हें पोलो खेलना बहुत पसंद था। अपने आखिरी दिनों में भी संजय कपूर पोलो मैच खेला करते थे।