सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय पुरस्कार के साथ ही फिल्म फेयर पुरस्कार से भी सम्मानित की गयी प्रियंका
मुंबई,संवाददाता : वर्ष 2006 प्रियंका चोपड़ा के सिने करियर के लिये अहम वर्ष साबित हुआ। इस वर्ष उनकी फिल्म.डॉन ..प्रदर्शित हुयी। सत्तर के दशक में बनी सुपरहिट फिल्म डॉन के इस रीमेक में प्रिंयका चोपड़ा ने जीनत अमान वाली भूमिका निभाई। इसी वर्ष उनकी क्रिश जैसी सुपरहिट फिल्म भी प्रदर्शित हुयी जिसमें उन्होंने ऋतिक रौशन की प्रेयसी की भूमिका निभाई। वर्ष 2008 में प्रियंका चोपड़ा की एक और अहम फिल्म ..फैशन प्रदर्शित हुयी।
फैशन की दुनिया को दर्शकों से रूबरू कराती मधुर भंडारकर निर्देशित इस फिल्म में प्रिंयका चोपड़ा एक उभरती मॉडल की भूमिका में दिखाई दी । फिल्म में अपने सशक्त अभिनय से उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय पुरस्कार के साथ ही फिल्म फेयर पुरस्कार से भी सम्मानित की गयी।वर्ष 2009 में प्रदर्शित फिल्म ..व्हाटस योर राशि ..प्रियंका चोपड़ा की महत्वपूर्ण फिल्म में शुमार की जाती है। देखा जाये तो फिल्मों में किसी अभिनेता या अभिनेत्री द्वारा का एक फिल्म में दोहरी या तिहरी भूमिका निभाना बड़ी बात समझी जाती है लेकिन प्रियंका चोपड़ा ने फिल्म में एक या दो नहीं बल्कि 12 अलग अलग भूमिका निभाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
प्रियंका चोपड़ा अपने दो दशक लंबे सिने करियर में करीब 60 फिल्मों में अभिनय कर चुकी है। प्रियंका की वर्ष 2016 में फिल्म जय गंगाजल प्रदर्शित हुयी। प्रियंका चोपड़ा ने हॉलीवुड फिल्म बेवाच समेत कई फिल्मों में काम किया है।वर्ष 2018 में प्रियंका चोपड़ा ने अमेरीकी गायक निक जोनास के साथ शादी कर ली। प्रियंका चोपड़ा की एक बेटी भी है जिसका नाम मालती रखा है। प्रियंका चोपड़ा हॉलीवुड के साथ ही बॉलीवुड में भी सक्रिय है।