खराब मौसम के बावजूद 31 हजार से अधिक भक्तों ने किए दर्शन, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लाग
जम्मू: नवरात्र के पहले दिन जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार, बृहस्पतिवार रात 10 बजे तक लगभग 31,690 तीर्थयात्रियों ने मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। खराब मौसम और बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। ‘जय माता दी’ के जयकारों के बीच भक्त त्रिकुटा पहाड़ियों के घुमावदार रास्तों से होकर मंदिर तक पहुंचे और माता का आशीर्वाद लिया।
अधिकारियों का अनुमान है कि नवरात्र के दौरान प्रतिदिन 30,000 से अधिक श्रद्धालु मंदिर पहुंचेंगे। शुक्रवार को भी 15,000 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया, जबकि सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए रवाना हो गए। श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक और बहुस्तरीय इंतजाम किए हैं। इसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना के जवानों की तैनाती शामिल है। साथ ही, एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र के जरिए 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।























