सिरगिट्टी में पिता-पुत्र के झगड़े ने लिया खौफनाक अंजाम
बिलासपुर, संवाददाता : सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा स्थित मन्नाडोल में रविवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। 40 वर्षीय नीतू गोड़ ने अपने 70 वर्षीय पिता मनराखन गोड़ की फावड़े से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी खून से सना फावड़ा लेकर मोहल्ले में घूमता रहा और लोगों के दरवाजे पीटकर दहशत फैलाता रहा।
मोहल्लेवासियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बताया गया कि आरोपी नशे की हालत में था। पुलिस को देखते ही वह फावड़ा लेकर जवानों की ओर बढ़ा, लेकिन काफी प्रयास के बाद उसे काबू कर लिया गया। उसके हाथ से फावड़ा छीनकर हिरासत में लिया गया। घर के अंदर दरवाजे के पास ही मृतक का शव पड़ा मिला। कमरे में खून फैला हुआ था और संघर्ष के निशान भी पाए गए। पड़ोसियों के अनुसार, पिता-पुत्र के बीच पहले भी विवाद होते रहते थे और घटना से पहले भी झगड़े की आवाज सुनाई दी थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से नशे का आदी है और पारिवारिक विवादों के कारण उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी। घटना की सूचना पर सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केवट टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।























