व्यापारियों ने बाजार बंद कर जताया विरोध, ताजिया उठाने से रोका गया
फरीदपुर, संवाददाता : फरीदपुर के साहूकारा इलाके में ताजिया जुलूस से ठीक पहले एक सांप्रदायिक विवाद का माहौल बन गया। रविवार सुबह मुख्य बाजार में दुकानों के चबूतरे टूटे मिलने से हिंदू व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि एक समुदाय विशेष के लोगों ने ताजिया निकालने के लिए चबूतरे तोड़े हैं। इस घटनाक्रम के बाद व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए और ताजिया उठने से रोक दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, न बाजार खोला जाएगा और न ही ताजिया उठाने दिया जाएगा। स्थिति को गंभीर होता देख पुलिस प्रशासन हरकत में आया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।