पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रेग्नेंसी कॉम्पलिकेशन से मौत की पुष्टि
भोपाल, संवाददाता : राजधानी भोपाल में सागर जिले के मंडी बामौरा निवासी मॉडल खुशबू अहिरवार (27) की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खुशबू का विवाद उसके लिव-इन पार्टनर कासिम के एक दोस्त की पत्नी से हुआ था। विवाद के बाद कासिम ने खुशबू के साथ मारपीट की थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
मंगलवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार खुशबू गर्भवती थी। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी फैलोपियन ट्यूब (गर्भाशय की थैली) फटने से प्रेग्नेंसी कॉम्पलिकेशन हुआ और अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) के कारण उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के एक विशेषज्ञ पैनल ने पोस्टमार्टम किया है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। जांच के लिए बिसरा और किडनी के सैंपल संरक्षित कर फॉरेंसिक परीक्षण हेतु भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।
छोला मंदिर पुलिस को सौंपी गई जांच
जानकारी के अनुसार, खुशबू और कासिम छोला मंदिर थाना क्षेत्र के भानपुर मल्टी में साथ रह रहे थे। मामले की प्रारंभिक जांच खजूरी पुलिस द्वारा की गई थी, जो अब छोला मंदिर थाने को सौंप दी गई है। पुलिस मामले में लव जिहाद, दुष्कर्म और मारपीट जैसे आरोपों की जांच कर रही है। प्रारंभिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और कासिम से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
सामाजिक और कानूनी पहलू
मामले ने शहर में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया पर मॉडल खुशबू की मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएँ चल रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।
























