चार दिन पहले गांव के ही युवक संग भाग गई थी युवती
सहारनपुर, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो भाइयों ने पुलिस कस्टडी में अपनी 25 वर्षीय बहन राखी पर जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने सरेआम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर खड़ी पुलिस की गाड़ी में बैठी बहन के सिर से तमंचा सटाकर फायर कर दिया। वारदात को अंजाम देकर दोनों भाई बाइक से फरार हो गए।
प्रेमी संग फरार हो गई थी युवती
फतेहपुर थाना क्षेत्र के रामखेड़ी गांव की रहने वाली राखी 4 दिन पहले गांव के ही एक युवक के साथ घर से चली गई थी। भाई रवि ने गांव कंदेला के लवकुश और गोविंद के खिलाफ बहन के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। रविवार देर रात पुलिस ने राखी को सुरक्षित बरामद कर लिया था।
मेडिकल के लिए सीएचसी लेकर गई थी पुलिस
सोमवार को पुलिस टीम राखी को मेडिकल परीक्षण के लिए फतेहपुर सीएचसी लेकर पहुंची थी। राखी अभी पुलिस की गाड़ी में ही बैठी थी कि तभी उसके दो भाई, रवि और मॉन्टी, वहां पहुंच गए। इससे पहले कि पुलिस कुछ समझ पाती, भाइयों ने नफरत में अंधी होकर बहन के सिर में गोली उतार दी। गोली चलते ही अस्पताल परिसर में भगदड़ मच गई। पुलिस कर्मियों ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर रफूचक्कर हो गए।
वेंटिलेटर पर जंग लड़ रही युवती
गोली लगने के बाद राखी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। सीएचसी के डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए उसे तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया। जिला अस्पताल से उसे दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल (मीडिग्राम) ले जाया गया। युवती के सिर में गंभीर चोट है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए बनाई 4 टीमें
एसएसपी अभिनंदन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। एसएसपी ने बताया, ‘घायल युवती का इलाज चल रहा है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आरोपियों की पहचान रवि और मॉन्टी के रूप में हुई है। यह स्पष्ट किया जा रहा है कि गोली किसने चलाई। जल्द ही दोनों सलाखों के पीछे होंगे।’





















