मामला उदयपुर शहर के बड़गांव थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम का है
उदयपुर,संवाददाता : राजस्थान घूमने आई विदेशी महिला से उदयपुर में रेप का मामला सामने आया है। वारदात से पहले आरोपी ने रिसोर्ट में महिला के साथ पार्टी की। इसके बाद उसे बहला-फुसलाकर अपने अपार्टमेंट में ले गया। जहां आरोपी ने फ्रांस की महिला के साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। मामला उदयपुर शहर के बड़गांव थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम का है।
पुलिस के मुताबिक एक रिसोर्ट में सोमवार शाम को पार्टी चल रही थी। जिसमें विदेशी महिला अपने साथियों के साथ मौजूद थी। तभी एक युवक सामने वाली टेबल पर आकर बैठा और सिगरेट पीने के लिए महिला से कहा। काफी देर बातचीत के बाद आरोपी महिला को ड्राइव पर ले गया। महिला वापस होटल में जाना चाह रही थी, लेकिन आरोपी उसे अपने अपार्टमेंट में ले गया। जहां पर आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया।
दुष्कर्म की वारदात के बाद युवक ने रातभर महिला को अपने घर में ही रोके रखा। सुबह होने पर वह उसे होटल लेकर आया। जहां पर उसने अपने साथियों को आपबीती बयां की। महिला ने सहयोगी को बताया तो उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मेडिकल के लिए महिला को सरकारी अस्पताल ले जाया गया।पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी हुई है। लेकिन, अभी तक युवक का पता नहीं चला है। वहीं, महिला का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।