नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 135.45 अंक चढ़कर 24,615.95 अंक पर खुला
मुंबई : लगातार तीन दिन की बड़ी गिरावट से उबरते हुए घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को शुरुआती कारोबार में तेजी देखी गयी। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 414.29 अंक उछलकर 79,530.48 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 352.76 अंक यानी 0.45 प्रतिशत ऊपर 79,468.95 अंक पर था। इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 135.45 अंक चढ़कर 24,615.95 अंक पर खुला।
खबर लिखे जाते समय यह 123.95 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,604.45 अंक पर रहा। रुपये में भी आज तेजी बनी हुई है। बुधवार के ऐतिहासिक निचले स्तर से उबरता हुआ यह 45 पैसे की मजबूती के साथ 91.62 रुपये प्रति डॉलर पर है। आईटी और एफएमसीजी को छोड़कर अन्य सभी समूहों के सूचकांक हरे निशान में हैं। ऑटो, धातु, फार्मा, रियलटी, स्वास्थ्य, मीडिया, बैंकिंग और रसायन सेक्टरों में तेजी रही। सेंसेक्स की बढ़त में रिलायंस इंडस्ट्रीज एलएंडटी, सनफार्मा, एयरटेल, एनटीपीसी, और बजाज फाइनेंस का ज्यादा योगदान रहा। आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, इन्फोसिस और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर फिलहाल नीचे चल रहे हैं।
























