सिरौलीगौसपुर में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष ने उपजिलाधिकारी को दी जानकारी
सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी,संवाददाता : अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने एक सितंबर 2025 को देशव्यापी अभियान “हमारा विद्यालय – हमारा स्वाभिमान” शुरू करने की घोषणा की है। इस कार्यक्रम में देश के 5 लाख से अधिक विद्यालयों के लाखों शिक्षक और करोड़ों विद्यार्थी शामिल होंगे।
ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ दीक्षित ने उपजिलाधिकारी प्रीति सिंह को अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का लक्ष्य विद्यालय को केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और समाज सेवा का माध्यम बनाना है। विद्यार्थी और शिक्षक मिलकर विद्यालय को स्वच्छ, अनुशासित और हरित बनाएंगे तथा संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करेंगे। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ 1988 से शैक्षिक उन्नयन, गुरुजनों की गरिमा, सेवा और पुरातन गुरु-शिष्य परंपरा को बनाए रखने के प्रयास करता रहा है। अभियान के तहत स्कूलों में समानता और भेदभाव मुक्त माहौल सुनिश्चित किया जाएगा।