पीड़िता ने देवा पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है
बाराबंकी,संवाददाता : देवा थाना क्षेत्र के ग्राम टिकुरी मजरे तिन्दोला में पारिवारिक रंजिश के चलते एक महिला के 12 वर्षीय बेटे पर उसके जेठ ने बांके से हमला कर दिया। घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि नशे में धुत आरोपी ने हैण्डपंप से पानी भर रहे बच्चे पर हमला कर उसकी अनामिका उंगली का एक हिस्सा काट दिया। पीड़िता रामावती पत्नी संजय ने थाना देवा में दी गई तहरीर में बताया कि जब वह बेटे को बचाने दौड़ी तो आरोपी जेठ निर्मल पुत्र मंगल ने उसे गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। रामावती ने आरोप लगाया कि निर्मल का भाई रामसहारे और उसकी पत्नी शांति भी अक्सर उन्हें गाली-गलौज करते हैं। रामसहारे द्वारा निर्मल को शराब के लिए पैसे भी दिए जाते हैं और उन्हें उकसाया जाता है। पीड़िता ने देवा पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।