शहर के हृदयस्थल पर होगा आधुनिक जनसुविधा केंद्र, आयुक्त न्यायालय ने किया वर्षों पुराने विवाद का पटाक्षेप
नवाबगंज (बाराबंकी),संवाददाता : वर्षों से विवादित ग्राम पैसार स्थित बहुचर्चित ‘लेडी डॉक्टर बंगला’ की भूमि पर अब नगर पालिका नवाबगंज का वैध स्वामित्व सिद्ध हो चुका है। यह निर्णय न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता का प्रतीक है, बल्कि क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी सौगात की भूमिका निभाने जा रहा है। गाटा संख्या 199, रकबा 03 बीघा 16 बिस्वा 13 घुर की इस भूमि को लेकर लंबे समय से दावा-आपत्ति चल रही थी।
न्यायालय उपजिलाधिकारी बक्शी का तालाब द्वारा इसे नगर पालिका परिषद नवाबगंज की भूमि मानते हुए पालिका को कब्जा प्रदान किया गया था। लेकिन दिनांक 11 मार्च 2024 को श्रीमती सईद फातिमा अशरफ आदि ने इस आदेश के विरुद्ध न्यायालय आयुक्त, अयोध्या मण्डल में अपील दाखिल की थी। आयुक्त महोदय ने मामले की गहराई से जांच कर दोनों पक्षों को सुनवाई का पूरा अवसर प्रदान किया। अंततः 4 जून 2025 को पारित निर्णय में अपील को निरस्त करते हुए उपजिलाधिकारी के आदेश को सही ठहराया गया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि उक्त भूमि नगर पालिका नवाबगंज के वैध स्वामित्व में ही है।
पालिका अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी ने किया स्वागत
नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए बताया कि जिलाधिकारी बाराबंकी के निर्देश में शीघ्र ही इस भूखंड पर नागरिकों के लिए बहुपयोगी जनसुविधा केंद्र, पार्क एवं सामुदायिक गतिविधियों हेतु स्थल का निर्माण कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों में हर्ष
यह निर्णय सुनते ही नगरवासियों में हर्ष की लहर दौड़ गई। स्थानीय व्यापारी, बुजुर्गजन एवं युवाओं ने इसे “जनहित में दूरदर्शी और ऐतिहासिक फैसला” बताते हुए नगर पालिका और प्रशासन का आभार जताया।