सूचना प्रदान करने के साथ ही लोगों की समस्याओं के समाधान पर भी देना चाहिए ध्यान
बाराबंकी,संवाददाता : राज्य सूचना आयुक्त डॉ दिलीप अग्निहोत्री ने सोमवार को जिले में ग्राम्य विकास के जन सूचना अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिसमें उन्होंने कहा कि विकसित भारत में उत्तर प्रदेश का योगदान सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। इसी प्रकार विकसित उत्तर प्रदेश में ग्राम्य विकास का योगदान है। इसके दृष्टिगत जन सूचना के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का निवारण करना चाहिए। जिससे पारदर्शिता के साथ समग्र गांवों का विकास होगा। राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि निर्धारित समय पर आवेदकों को सूचना देना अपरिहार्य है। इसके साथ ही जन सूचना अधिकारियों को प्रदेश की विकास यात्रा में भी अपने स्तर से योगदान करना चाहिए। सूचना का अधिकार लोक कल्याणकारी शासन व्यवस्था की भावना के अनुरूप है। प्रत्येक अधिनियम इसी भावना से प्रेरित होते है। सूचना के अधिकार को भी इस व्यापक दृष्टि से देखना होगा। सूचना प्रदान करने के साथ ही लोगों की समस्याओं के समाधान पर भी ध्यान देना चाहिए। इसके अतरिक्त श्री अग्निहोत्री फतेहपुर तहसील के पर्वतपुर निवासी प्रवीण वर्मा के विवाह समारोह में शामिल हुए। जहां उन्होंने वर कन्या को शुभाशीष दिया।