सेना के पराक्रम को सलाम, हजारों लोगों ने दिखाई देशभक्ति
बाराबंकी,संवाददाता : ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान के सम्मान में 17 मई से शुरू हुई शौर्य तिरंगा यात्रा का समापन जिले की सभी विधानसभाओं और मंडलों में राष्ट्रभक्ति की गूंज के साथ हुआ। हजारों लोगों ने तिरंगा यात्रा में भाग लेकर देशभक्ति का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
बंकी नगर मंडल में यह यात्रा माती पुलिस स्टेशन से आरंभ होकर किसान पथ तक सम्पन्न हुई। यात्रा का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा एवं जिला पंचायत सदस्य डॉ. अवधेश वर्मा ने किया। तिरंगा हाथों में लिए महिलाएं, पुरुष और बच्चे जोश के साथ यात्रा में शामिल हुए। हर ओर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण गूंज उठा। डीडीसी डॉ. अवधेश वर्मा ने कहा कि, “यह यात्रा मात्र एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और हमारी एकता का प्रतीक है।”
उन्होंने सेना द्वारा पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक को भारतीय पराक्रम और निर्णायक नेतृत्व का प्रमाण बताया। जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य ने शौर्य तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस आयोजन से युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना और अधिक मजबूत हुई है। इस अवसर पर ब्रजेश मौर्य, संजीव वर्मा, हरिवंश, रावेंद्र गौतम, भानु यादव, सार्थक शुक्ला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।