पता चला कि दूल्हा किन्नर, बारात में मचा हंगामा
बाराबंकी, संवाददाता : यूपी के बाराबंकी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी के दौरान सात फेरे पूरे होने के बाद पता चला कि दूल्हा किन्नर (ट्रांसजेंडर) है। यह खुलासा किन्नर समुदाय के लोगों ने किया, जिससे पूरे गांव में हंगामा मच गया। बाराती डरकर भागने लगे और दुल्हन पक्ष ने दूल्हे को पकड़ लिया। पुलिस के आने पर पंचायत हुई और बारात बिना दुल्हन के लौट गई।
कोठी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली लड़की की शादी 6 महीने पहले रामसनेहीघाट क्षेत्र के दिनौना के पूरे गनई गांव निवासी भाग्यचंद्र के बेटे रिशु (22 वर्ष) से तय हुई थी। शादी की तारीख 13 फरवरी रखी गई। बैंड-बाजे के साथ बारात गांव पहुंची और सभी ने दूल्हे का स्वागत किया। जयमाल और खाने-पीने के बाद बाराती जनवासे में चले गए। शाम को सात फेरे भी पूरे हो गए और विदाई की तैयारियां चल रही थीं।
किन्नरों का आना और खुलासा
शनिवार सुबह करीब 4 बजे कादोपुर से किन्नरों की एक टोली बधाई लेने पहुंची। जैसे ही उन्होंने दूल्हे को देखा, उन्होंने उसे पहचान लिया। दूल्हे और उसके परिवार के चेहरे पीले पड़ गए। किन्नरों ने बताया कि यह व्यक्ति उनकी बिरादरी का है। बात को दबाने के लिए दूल्हे पक्ष ने 23 हजार रुपये किन्नरों को दे दिए। इस बड़ी रकम से दुल्हन पक्ष को शक हुआ।
हंगामा और अफरा-तफरी
दुल्हन के चचेरे भाई ने दूल्हे को कमरे में ले जाने को कहा, लेकिन उसने इनकार किया और गुस्सा दिखाया। इसी बीच किन्नरों ने सबके सामने खुलासा किया कि दूल्हा किन्नर है। खबर फैलते ही बारात में अफरा-तफरी मच गई। बाराती चुपके से भागने लगे। गुस्साए दुल्हन पक्ष ने दूल्हे को पकड़ लिया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोकलाज और इज्जत के डर से कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। दूल्हे पक्ष ने शादी में हुए खर्च के पैसे लौटाने की बात मानी। पैसे देने के बाद बची-खुची बारात बिना दुल्हन के लौट गई।
पुलिस की जांच जारी
कोठी थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की पूरी जानकारी ली जा रही है। दोनों पक्षों से बात की जा रही है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। लोगों को हैरानी है कि कैसे इतनी बड़ी बात शादी तक छिपी रही।






















