साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान का प्रतीक बना आयोजन

अयोध्या,संवाददाता : जनपद अयोध्या के ग्राम रानोपाली में शुक्रवार को अमर शहीद हवलदार (जीडी) राजकुमार यादव की 5वीं पुण्यतिथि के अवसर पर केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहीद के सम्मान में निर्मित स्मारक का विधिवत लोकार्पण किया गया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।


मध्य सेक्टर, लखनऊ के महानिरीक्षक श्री अनिल कुमार ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए स्मारक का उद्घाटन किया। उन्होंने शहीद के परिजनों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा शहीद की पत्नी एवं पुत्र को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखेगा।


अपने संबोधन में महानिरीक्षक श्री अनिल कुमार ने बताया कि हवलदार राजकुमार यादव 04 नवंबर 1995 को CRPF में सिपाही (जीडी) के रूप में भर्ती हुए थे। वे छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में स्थित 210 कोबरा बटालियन में तैनात थे। 03 अप्रैल 2021 को टेकलगुरिया के जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान नक्सलियों ने घात लगाकर जवानों पर हमला कर दिया।


उन्होंने बताया कि नक्सलियों द्वारा की गई भारी फायरिंग के बावजूद CRPF और STF के जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिससे नक्सली पीछे हटने को मजबूर हो गए। इस भीषण मुठभेड़ में हवलदार राजकुमार यादव सहित कुल 7 जवान वीरगति को प्राप्त हुए।

समारोह में उप महानिरीक्षक श्री मदन कुमार, कमांडेंट श्री गनीप कुमार मीणा (गुप्त केंद्र, CRPF), कमांडेंट श्री सतीश कुमार दुबे (63वीं बटालियन, अयोध्या) सहित अन्य अधिकारीगण, स्थानीय प्रशासन, ग्राम प्रधान तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन शहीद राजकुमार यादव के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का एक भावपूर्ण प्रयास रहा।




















