वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच मंडप पूजन, देवताओं का आह्वान और हवन से प्रारंभ हुआ आयोजन
अयोध्या,संवाददाता : राम मंदिर के शिखर पर होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम को लेकर राम जन्मभूमि परिसर में भव्य आयोजनों के साथ अनुष्ठान प्रारंभ हो गया है। मंडप पूजन और देवताओं के आह्वान के साथ वैदिक मंत्रों का उच्चारण पूरा परिसर गुंजायमान कर रहा है। अनुष्ठान की शुरुआत यजमानों द्वारा सुबह भगवान रामलला के दर्शन और स्तुति से हुई। प्रख्यात वैदिक आचार्य गणेश्वर शास्त्री के नेतृत्व में अयोध्या, काशी और दक्षिण भारत से आए 108 वैदिक आचार्यों ने सरयू जल से शुद्धिकरण कर यज्ञ मंडप की पूजा-अर्चना की। इसके बाद अनुष्ठान में शामिल 27 यजमानों ने मंडप की परिक्रमा कर यज्ञशाला में प्रवेश किया, जहाँ उत्सव प्रतिमा और रामार्चा पूजन के साथ देवताओं का आवाहन किया गया।
यज्ञशाला में 51 आचार्यों द्वारा रामचरितमानस पाठ और श्री राम रक्षा स्तोत्र का पारायण किया गया। पहले दिन के अनुष्ठान के अंत में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ कुंड में अग्नि प्रकट कर हवन सम्पन्न हुआ। अनुष्ठान के मुख्य यजमान एवं राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि यज्ञ मंडप में विधिविधान से पूजन-अर्चन के बाद प्रवेश हुआ। देवता आह्वान और अनुष्ठान पूजन के उपरांत हवन कुंड में आहुति दी गई। उन्होंने बताया कि 24 तारीख तक प्रतिदिन लगभग छह घंटे यह अनुष्ठान चलेगा। साथ ही शेषावतार मंदिर और परकोटा के सभी मंदिरों में भी वैदिक आचार्य यजमानों के साथ अनुष्ठान कर रहे हैं। प्रतिदिन रामचरितमानस पाठ, वाल्मीकि रामायण पाठ और श्री राम रक्षा स्तोत्र का पारायण जारी है।






















