1005 मीडियन और 2010 फुटपाथ पोल्स पर लगेंगी डेकोरेटिव लाइट्स
अयोध्या, संवाददाता : धार्मिक नगरी अयोध्या में निर्माणाधीन लगभग 40-45 किलोमीटर लंबे 14 कोसी परिक्रमा मार्ग को भव्य डेकोरेटिव लाइटिंग से सजाया जा रहा है। करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक मार्ग को प्रकाशमय बनाने की योजना पर तेजी से कार्य चल रहा है।


लोक निर्माण विभाग खंड-तीन के अधिशासी अभियंता सत्य पाल सिंह ने बताया कि कई स्थानों पर लाइटें लगाई भी जा चुकी हैं। योजना के तहत मीडियन में 1005 तथा फुटपाथ पर 2010 पोल्स पर डेकोरेटिव लाइट्स स्थापित की जाएंगी। पूरे मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था रामपथ और धर्मपथ की तर्ज पर की जा रही है, जिससे परिक्रमा पथ भव्य और सुव्यवस्थित नजर आएगा। यह लाइटिंग न केवल मार्ग की सुंदरता बढ़ाएगी, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए रात में भी परिक्रमा को सुरक्षित और सुगम बनाएगी। डिजाइनर रोशनी के बीच यह मार्ग दिव्यता का अनुभव कराएगा, जहां हर कदम पर श्रद्धा और आस्था का प्रकाश महसूस होगा।
























