बैठक में सर्वसम्मति से महिला पदाधिकारियों का चयन, संगठन को सशक्त बनाने पर दिया गया जोर
रामगंज (अमेठी), संवाददाता : भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, रामगंज की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं जिला उपाध्यक्ष श्री दीपक अग्रहरि ने की। कार्यक्रम प्रदेश प्रभारी श्री राजेश अग्रहरि (राजेश मसाला) के मार्गदर्शन एवं महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती कंचन गुप्ता की प्रेरणा से संपन्न हुआ।
बैठक में रामगंज महिला प्रकोष्ठ के गठन की प्रक्रिया पूरी की गई। सर्वसम्मति से सुनीता गुप्ता को अध्यक्ष, कविता साहू को महामंत्री तथा मोनी जैसवाल को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। चयन उपरांत व्यापार मंडल के संरक्षक एवं मुख्य अतिथि डॉ. रामकरण मौर्य ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पट्टा पहनाकर एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष श्री दीपक अग्रहरि ने नवनिर्वाचित महिला पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कार्यकारिणी का गठन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला व्यापारियों को संगठित कर नारी शक्ति के सहयोग से संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा, जिसमें पूरा व्यापार मंडल हर संभव सहयोग करेगा। बैठक का मुख्य उद्देश्य महिला व्यापारियों को नेतृत्व प्रदान करना तथा संगठनात्मक मजबूती को सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में संगठन मंत्री सत्येन्द्र गुप्ता, मंत्री संतोष गुप्ता सहित अनेक व्यापारी एवं महिला सदस्य उपस्थित रहे।























