विवादित जमीन पर प्रतिमा लगाने को लेकर तनाव
अमेठी, संवाददाता : अमेठी के रामगंज थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव में जानवरों की खाल निकालने के लिए सुरक्षित मानी जा रही जमीन पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद के बाद तनाव की स्थिति बन गई। मामले में पुलिस ने 19 लोगों को नामजद करते हुए 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना के दौरान पुलिस ने 14 लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें से जांच के बाद रविवार को नौ लोगों को जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार 11 अप्रैल को प्रतिमा लगाने के प्रयास के दौरान पुलिस द्वारा रोकने पर भीड़ उग्र हो गई और पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें थानाध्यक्ष और एक दरोगा घायल हो गए। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और बाद में अतिरिक्त पुलिस बल व पीएसी की तैनाती की गई। प्रशासन का कहना है कि यह जमीन पहले जानवरों की खाल निकालने के लिए सुरक्षित मानी जाती थी, जिसके चलते एसडीएम ने प्रतिमा लगाने की अनुमति नहीं दी थी, हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से इस जमीन का उपयोग इस कार्य के लिए नहीं हो रहा था।
घटना के बाद गांव में पुलिस की सख्त कार्रवाई को लेकर लोगों में डर और दहशत का माहौल बताया जा रहा है, वहीं प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी।

























