नारी सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल, 200 से अधिक महिलाओं की सहभागिता

रामगंज, अमेठी : रामगंज बाजार स्थित भारतीय उद्योग व्यापार मंडल कार्यालय में आज भारतीय उद्योग व्यापार मंडल – महिला प्रकोष्ठ, रामगंज के तत्वावधान में महिला संवाद सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ. रामकरण मौर्य (महामंत्री) ने की। कार्यक्रम में क्षेत्र की लगभग 200 महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता कर नारी सशक्तिकरण की दिशा में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

सम्मेलन में प्रमुख रूप से श्रीमती कंचन गुप्ता (जिला अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ), दीपक अग्रहरि (अध्यक्ष, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, रामगंज), रामसेवक विश्वकर्मा, सत्येंद्र गुप्ता, संतोष गुप्ता, सुनीता अग्रहरि, मंजू, अर्चना, नीलम, प्राची सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक टीम की महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, कानून व्यवस्था तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती कंचन गुप्ता ने महिलाओं को आत्मनिर्भरता, संगठन की शक्ति और जागरूकता का संदेश देते हुए कहा कि संगठित होकर महिलाएं सामाजिक बदलाव की मजबूत कड़ी बन सकती हैं। वहीं, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीपक अग्रहरि ने अपने संबोधन में शासन-प्रशासन की मंशा, महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं एवं सामाजिक विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी, जिससे उपस्थित महिलाएं अत्यंत प्रभावित हुईं।
सम्मेलन में गृह रोजगार (Home Employment) को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। महिलाओं से उनकी रुचि, क्षमता, दक्षता एवं कौशल के अनुसार आवेदन आमंत्रित किए गए, ताकि उन्हें उनके अनुकूल कार्य एवं प्रशिक्षण से जोड़ा जा सके। इनमें प्रमुख रूप से सिलाई-कढ़ाई, हस्तशिल्प, घरेलू उद्योग, ब्यूटी वेलनेस, खाद्य प्रसंस्करण एवं प्रशिक्षण आधारित कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण निर्णय यह रहा कि शीघ्र ही “नारी शक्ति” नाम से दो संगठन गठित किए जाएंगे, जो महिला सशक्तिकरण, गृह रोजगार, आत्मनिर्भरता, जागरूकता एवं सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। यह सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, अधिकार, सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत व ऐतिहासिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।






















