अयोध्या मार्ग पर रामगंज में गूंजा हर-हर महादेव


अमेठी, संवाददाता : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से अयोध्या के लिए निकली विशाल त्रिशूल यात्रा सोमवार सुबह अयोध्या–प्रयागराज मार्ग स्थित रामगंज कस्बे में पहुंची। यहां बोल बम कांवरिया संघ के सानिध्य में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया तथा विधि-विधान से त्रिशूल की पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप विश्वकर्मा ने बताया कि त्रिशूल यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश में सनातन परंपरा को सुदृढ़ करना एवं हिंदू राष्ट्र की स्थापना के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि यह विशाल त्रिशूल स्टील धातु से निर्मित है, जिसकी लंबाई लगभग 60 फुट है, जिसे देश का सबसे बड़ा त्रिशूल बताया जा रहा है।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि इस विशाल त्रिशूल को अयोध्या जनपद के बीकापुर तहसील अंतर्गत रमपुरवा स्थित 500 वर्ष पुराने शिव मंदिर में स्थापित किया जाएगा। इस प्राचीन मंदिर की विशेष मान्यता है, जहां पुजारी वर्ष भर बदलते रहते हैं तथा सूर्य देव की किरणें प्राकृतिक रूप से शिव प्रतिमा का अभिषेक करती हैं। बताया गया कि त्रिशूल को पहले मंदिर परिसर में रखा जाएगा, इसके उपरांत त्रिशूल यात्रा के पदाधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनसे अपने कर-कमलों द्वारा इस विशाल त्रिशूल की स्थापना कराने का अनुरोध करेंगे। स्वागत कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप विश्वकर्मा, अंकित कसौधन, ओमप्रकाश, विजय प्रकाश गुप्ता सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।






















