विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सोशल मीडिया पर साझा किए प्रेरक संदेश
अमेठी,संवाददाता : महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर जनपद के विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने फूले दम्पति के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे दिन सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर फुले दम्पति के संदेशों और प्रेरणादायक विचारों को साझा किया गया।
बामसेफ के जिला सह संयोजक राम मिलन भारती, रामचंद्र और फूलचंद्र बौद्ध ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा राव फुले भारतीय समाज के महान सुधारकों में से एक थे। गुलाम भारत के दौर में उन्होंने वंचित वर्गों और महिलाओं की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए तथा महाराष्ट्र में करीब 50 छोटे-बड़े विद्यालय स्थापित किए। वीरांगना झलकारी बाई चेतना समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामचंद्र सरस ने कहा कि महात्मा फुले की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में माली समाज को फुले दम्पति के विचारों से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए।
समाजवादी शिक्षक सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रुदल यादव ने छत्रपति शाहू जी महाराज को सामाजिक परिवर्तन का महानायक बताते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में जो कार्य किए, वे सदैव प्रेरणादायक रहेंगे। अम्बेडकर कल्याण समिति, अम्बेडकर सेवा समिति, भीम आर्मी, आम नागरिक सुरक्षा सेना, विश्व बौद्ध संघ सहित कई संगठनों के कार्यकर्ताओं ने महात्मा फुले की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।























