सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा विद्यालय का वार्षिकोत्सव

अमेठी (भादर), संवाददाता : प्राथमिक विद्यालय पूरे घमहूं में शनिवार को “स्कूल चलो अभियान” के तहत जागरूकता रैली एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर महात्मा ज्योतिबा राव फूले की जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई। विद्यालय के बच्चों ने रैली निकालकर अभिभावकों को शत-प्रतिशत नामांकन और बच्चों की नियमित उपस्थिति के लिए प्रेरित किया। रैली के माध्यम से शिक्षा के महत्व का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान इन्द्रजीत यादव ने बच्चों को पुरस्कार वितरित किए और उन्हें नियमित विद्यालय आने तथा अच्छी शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “शिक्षा ही विकास की कुंजी है, इसलिए अभिभावकों को अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजना चाहिए।” वार्षिकोत्सव में बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वाणी वंदना और स्वागत गीत के बाद बच्चों ने “तू हूं चला हमहूं चली, स्कूलवा में नाम लिखाई” तथा “हम भीमराव के बच्चे हैं” जैसे प्रेरणादायक गीतों के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाई। कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापिका श्रीमती प्रभा सिंह ने किया।
इस अवसर पर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने महात्मा ज्योतिबा राव फूले एवं सावित्रीबाई फूले के जीवन और उनके शिक्षा में योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि फूले दंपति ने समाज के वंचित वर्ग और बालिकाओं की शिक्षा की मजबूत नींव रखी। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष राहुल कुमार उपाध्याय ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इस मौके पर शिक्षामित्र परमिला गुप्ता, लालती देवी, शिवकरन गुप्ता, ममता, रजियाबानो, रेखा, जानकी, कृष्णा, सीमा, मालती, उर्मिला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।























