त्रिसुंडी में संगोष्ठी कर पत्रकारों, प्रबुद्धजनों व वरिष्ठ नागरिकों का किया सम्मान

अमेठी, संवाददाता : भादर ब्लॉक प्रमुख व भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह (पप्पू सिंह) त्रिसुंडी ने रविवार को त्रिसुंडी छिड़ा गांव स्थित शिवमूरत सिंह महाविद्यालय के सभागार में संगोष्ठी आयोजित कर अमेठी विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी जताई।

संगोष्ठी में उन्होंने कहा कि गरीब, दीन-दुखियों और असहायों की सेवा करना ही उनका जीवन लक्ष्य है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा जनता की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में अमेठी की 186 विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में उन्होंने दावेदारी की है। यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है तो वे सीट जीतकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उपस्थित पत्रकारों, प्रबुद्धजनों तथा वरिष्ठ नागरिकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया।

प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि वे पिछले 45 वर्षों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए हैं और भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। वर्ष 1995 में उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के रूप में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। वर्तमान में वे भाजपा जिला उपाध्यक्ष तथा भादर ब्लॉक प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “मैं वर्षों से संगठन और जनता के बीच काम कर रहा हूं। यदि पार्टी नेतृत्व मुझे अमेठी विधानसभा से मौका देता है तो क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करूंगा। इसमें पत्रकारों और जनता का सहयोग जरूरी है।”























