ढाबे से हिरासत में लिया गया उप निरीक्षक
अमेठी, संवाददाता : जिले में मंगलवार को एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। टीम ने इन्हौना थाने में तैनात उप निरीक्षक राजेश पाल को हाईवे के पास स्थित एक ढाबे से हिरासत में ले लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
सूत्रों के अनुसार, उप निरीक्षक पर एक सड़क हादसे से जुड़े मामले की विवेचना के नाम पर पीड़ित से धनराशि मांगने का आरोप है। पीड़ित की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने गोपनीय तरीके से जाल बिछाया और कार्रवाई को अंजाम दिया। हालांकि, अब तक रिश्वत की रकम या अन्य तथ्यों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन टीम उप निरीक्षक को अपने साथ ले गई और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। टीम की ओर से फिलहाल पूरे प्रकरण को लेकर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने पुष्टि की है कि एंटी करप्शन टीम ने उप निरीक्षक को हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि रुपये लेने के आरोपों की जांच की जा रही है और स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि एंटी करप्शन टीम से आधिकारिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की विभागीय या कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है।






















