लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी
अमेठी,संवाददाता : जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील अमेठी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी संजय चौहान ने की। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए तथा प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। माननीय मुख्यमंत्री द्वारा भी इस संबंध में सख्त निर्देश दिए गए हैं। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या हीलाहवाली पाए जाने पर संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक द्वारा की गई तथा उन्होंने संबंधित थानाध्यक्षों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

आंकड़ों के अनुसार तहसील अमेठी में कुल 36 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील मुसाफिरखाना में 25 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 01 का निस्तारण हुआ। तहसील गौरीगंज में 24 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें 04 का निस्तारण कराया गया। वहीं तहसील तिलोई में 25 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 02 का मौके पर समाधान किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर भेजी गईं।
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने समस्त जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक जनसमस्याएं सुनें और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र, उपजिलाधिकारी अमेठी आशीष सिंह, तहसीलदार अमेठी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
























