अमेठी के दुर्गापुर में भव्य धार्मिक आयोजन की शुरुआत
अमेठी, संवाददाता : अमेठी के दुर्गापुर कस्बे में बुधवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
अयोध्या–प्रयागराज मार्ग स्थित प्राचीन शिव मंदिर से कलश यात्रा की शुरुआत हुई, जिसमें 51 श्रद्धालु महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में मंगलगीतों के साथ भाग लिया। महिलाएं नदी से पवित्र जल भरकर शोभायात्रा के रूप में पूरे कस्बे का भ्रमण करती हुईं यज्ञ स्थल पर पहुंचीं। कथा व्यास अयोध्या धाम से पधारे अनिल कुमार शास्त्री जी महाराज के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ। मुख्य यजमान बजरंगबली बरनवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
शोभायात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और डीजे की धुनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ग्रामवासियों ने जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया। यह श्रीमद्भागवत कथा 2 अप्रैल से 8 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी। 9 अप्रैल को पूर्णाहुति हवन तथा 10 अप्रैल (शुक्रवार) को ब्रह्मभोज का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में हनुमत बरनवाल, सूर्य प्रकाश, भोलानाथ, हरिश्चंद्र यादव, प्रदीप कुमार, दिलीप कुमार, पंकज विकास, अथर्व एवं मनोज कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।























