87वें स्थापना दिवस के अवसर पर जवानों व परिवारजनों की मेडिकल जांच, कई जवानों ने किया रक्तदान

अमेठी,संवाददाता : केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 87वें स्थापना दिवस के अवसर पर त्रिशुंडी स्थित सीआरपीएफ कैंपस के चिकित्सालय में शुक्रवार को स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, जवानों तथा उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

आरटीसी अमेठी में पदस्थ कमांडेंट विनय कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में उप कमांडेंट अरुण कुमार सिंह, सहायक कमांडेंट विनायक रंजन तथा सहायक कमांडेंट अमित कुमार सहित ग्रुप केंद्र अमेठी के 97 अधिकारियों और जवानों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। इस दौरान आरटीसी अमेठी के सहायक कमांडेंट चंदन कुमार, निरीक्षक डी.पी. तिवारी समेत अन्य जवानों व नवआरक्षियों ने रक्तदान किया।
स्वास्थ्य शिविर के तहत कैंपस में निवासरत 123 परिवारों के सदस्यों की मेडिकल जांच भी की गई। कार्यक्रम के दौरान उप महानिरीक्षक मदन कुमार तथा कमांडेंट विनय कुमार त्रिपाठी ने रक्तदान से पहले जवानों को रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. डी.एस. मिश्रा (अध्यक्ष, इंडियन सोसायटी सुलतानपुर), डॉ. शैलेन्द्र श्रीवास्तव (पूर्व प्रिंसिपल, मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर), डॉ. प्रियंक वर्मा (वर्तमान प्रिंसिपल, मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर), डॉ. संजय सिंह (ब्लड बैंक, आईटीआई मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर) सहित ग्रुप केंद्र अस्पताल अमेठी के चिकित्सक व कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं डॉ. पी.के. राय, उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।























