विजेता और उपविजेता टीमों को किया जाएगा सम्मानित
अमेठी, संवाददाता : महिला खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से “अस्मिता खेलो इंडिया” के तहत जिला स्तरीय महिला हैंडबॉल लीग प्रतियोगिता का आयोजन 15 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। यह प्रतियोगिता डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम में सुबह 08 बजे से प्रारंभ होगी, जिसमें जनपद अमेठी की महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को अवसर देना और उनके खेल कौशल को निखारना है। उप क्रीड़ा अधिकारी मो. मुशर्रफ खान ने बताया कि इस तरह के आयोजन से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा और वे जनपद व प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगी।

आयोजन सचिव एवं मंडल सचिव हैंडबॉल संघ अयोध्या प्रांजल तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमों को उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के सहयोग से पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से जिले में महिला खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पांडेय के सहयोग के लिए जिला खेल कार्यालय अमेठी एवं आयोजन समिति की ओर से आभार व्यक्त किया गया। इस संबंध में जानकारी आयोजन सचिव प्रांजल तिवारी द्वारा प्रदान की गई।























