खाते से 10 हजार की निकासी, सिर्फ 2500 रुपये देने का आरोप, पुलिस से की शिकायत
अमेठी, संवाददाता: थाना रामगंज क्षेत्र के अंतर्गत एक महिला ने बैंक मित्र (बीसी) पर खाते से निकाले गए रुपये में हेराफेरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस चौकी में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम विसुंदरपुर, पोस्ट रामगंज, थाना रामगंज निवासी फूलकुमारी पत्नी दिनेश कुमार का आरोप है कि 31 जनवरी 2026 को वह अपने खाते से रुपये निकालने के लिए गांव के बीसी संचालक के पास गई थी। खाते से 10 हजार रुपये की निकासी कराई गई, लेकिन बीसी संचालक ने पूरा पैसा न देकर केवल 2500 रुपये ही दिए और शेष रुपये बाद में देने का आश्वासन दिया।पीड़िता के अनुसार गांव की जान-पहचान होने के कारण उसने बीसी संचालक की बातों पर विश्वास कर लिया। इसके बाद कई बार शेष रुपये मांगे जाने पर टालमटोल की जाती रही।
5 फरवरी को जब उसने दोबारा अपने रुपये मांगे तो बीसी संचालक ने देने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि पूरा पैसा पहले ही दे दिया गया है।पीड़िता का कहना है कि उसके 7500 रुपये अभी भी बकाया हैं। इस संबंध में उसने पुलिस चौकी रामगंज में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बकाया धनराशि दिलाने की मांग की है।इस संबंध में चौकी प्रभारी रामगंज विकास कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के उपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी।























