भादर ब्लॉक के विद्यालयों के बच्चों ने राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान में जाना विज्ञान व तकनीक का संसार
अमेठी: विकास खंड भादर के उच्च प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान का शैक्षिक भ्रमण किया। एक्सपोज़र विजिट के लिए दो बसों को खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार यादव ने सुबह हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान के प्रोफेसरों से मुलाकात कर विज्ञान और तकनीकी शिक्षा के विभिन्न आयामों की जानकारी प्राप्त की। छात्र-छात्राओं ने अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया और वैज्ञानिक उपकरणों के बारे में विस्तार से जाना। इस दौरान बच्चों ने ‘बाल वैज्ञानिक’ के रूप में जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे और व्यावहारिक ज्ञान हासिल किया। शाम को सभी छात्र-छात्राएं नए अनुभवों और ज्ञान से समृद्ध होकर अपने घर लौटे। इस एक्सपोज़र विजिट में संकुल शिक्षक देवांशु सिंह, आईसीटी विशेषज्ञ रोहित प्रताप सिंह, सतीश शर्मा, ममता सिंह, रविशंकर दूबे, प्रमोद कुमार मौर्य, हरि गुलाम वर्मा, एआरपी राजेन्द्र कुमार, लेखाकार अंकित सिंह, राघवेन्द्र सिंह, दिलीप कुमार वर्मा, स्वामी नाथ तिवारी सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं नेतृत्व किया।

























