खंड शिक्षा अधिकारी ने किया सम्मानित, शिक्षकों और ग्रामीणों ने सेवाओं को सराहा

अमेठी,संवाददाता : उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं कम्पोजिट विद्यालय भादर प्रथम के प्रधानाध्यापक शिव सिंह 33 वर्षों की सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। सोमवार को उनके सम्मान में विद्यालय परिसर में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार यादव ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की तथा समाज को आगे भी अपनी सेवाएं देने का आग्रह किया।

शिव सिंह ने वर्ष 1993 में प्राथमिक विद्यालय मनीपुर, गौरीगंज में सहायक अध्यापक के रूप में अपनी सेवा यात्रा प्रारंभ की। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय खरगपुर, भादर और प्राथमिक विद्यालय रघईपुर में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं। उच्च प्राथमिक विद्यालय घोरहा में पदोन्नति के बाद उन्होंने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2015 में प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नत होकर उच्च प्राथमिक विद्यालय दहियांवा में तैनात हुए और जुलाई 2025 में कम्पोजिट विद्यालय भादर प्रथम में प्रधानाध्यापक के रूप में कार्यभार संभाला।
अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने लगभग दस वर्षों तक उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष के रूप में शिक्षकों का नेतृत्व किया। सरल और विनम्र स्वभाव के धनी शिव सिंह की धार्मिक प्रवृत्ति भी रही है और वे विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। सेवानिवृत्ति के अवसर पर उन्होंने वरिष्ठ सहायक अध्यापक संजीव कुमार को कार्यभार सौंपा। विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम प्रधान राम चन्द्र सिंह ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि “कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती” और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष कपिलेश यादव, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक काली सहाय सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष रीता मौर्य सहित अनेक शिक्षक, कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।























