गीत-संगीत और हास्य कविता से माहौल बना मनोरंजक

अमेठी, संवाददाता : ग्रुप केन्द्र सीआरपीएफ अमेठी में 26 जनवरी 2026 को 77वां गणतंत्र दिवस भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः क्वार्टर गार्ड पर ध्वजारोहण के साथ हुई। ग्रुप केन्द्र अमेठी के डीआईजी श्री मदन कुमार ने इस शुभ अवसर पर तिरंगा फहराया और गार्ड ने सलामी दी।

डीआईजी श्री मदन कुमार ने अपने संबोधन में देश के सामने मौजूद सुरक्षा चुनौतियों पर प्रकाश डाला और अधिकारियों व जवानों से सतर्क रहने और चुनौतियों का डटकर सामना करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत काफी आगे बढ़ चुका है और हमारे नौजवानों की बौद्धिक क्षमता व कौशल विश्व स्तर पर सराहनीय है। इसके बावजूद देश आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। डीआईजी ने सभी अधिकारियों और जवानों से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।


इस अवसर पर बल की परंपरा के अनुसार स्टेशन पर उपस्थित समस्त अधिकारियों ने अधीनस्थ अधिकारियों को राजपत्रित अधिकारी मेस में दोपहर के लंच पर आमंत्रित किया। लंच के दौरान गीत-संगीत की प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध किया, जबकि हास्य कविता की प्रस्तुति ने हँसी का माहौल बना दिया। गणतंत्र दिवस को यादगार बनाने के उद्देश्य से शाम को मुख्यालय कंपनी और प्रशासन कंपनी के बीच वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया। बल की परंपरा के अनुसार रात्रि में सभी मेस में भव्य भोज का आयोजन किया गया।
























