पीपरपुर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग टीम की बड़ी कार्रवाई, मचा हड़कंप
अमेठी,संवाददाता : अयोध्या–प्रयागराज रेलखंड पर स्थित पीपरपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह लखनऊ डिवीजन की चेकिंग टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 150 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा। अचानक हुई इस छापेमारी से स्टेशन और ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। स्टेशन अधीक्षक पीपरपुर सियाराम मीना ने बताया कि लखनऊ डिवीजन चेकिंग स्टाफ के एसीएम के.के. यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में टिकट निरीक्षक एवं आरपीएफ बल के साथ टीम स्टेशन पर पहुंची। सुबह करीब 10:00 बजे जैसे ही प्रयाग संगम मेमो पैसेंजर ट्रेन संख्या 64221 स्टेशन पर रुकी, आरपीएफ ने ट्रेन को चारों ओर से घेर लिया।
इसके बाद टिकट निरीक्षकों ने ट्रेन के सभी डिब्बों की सघन जांच की, जिसमें 150 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए। चेकिंग के दौरान यात्रियों में हड़कंप मचा रहा और ट्रेन करीब 14 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को 10:14 बजे सुल्तानपुर की ओर रवाना किया गया। सभी बिना टिकट यात्रियों को आगे की कार्रवाई के लिए बस द्वारा सुल्तानपुर भेजा गया।























