रात में वारदात, सुबह खुला राज

रामगंज (अमेठी), संवाददाता : रामगंज थाना क्षेत्र के रामगंज–सोनारी मार्ग स्थित प्राथमिक विद्यालय पाठकपुर में मंगलवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर करीब पचास हजार रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार सुबह जब विद्यालय खुला तो शिक्षकों ने देखा कि दरवाजे की कुंडी कटी हुई थी और ताला टूटा पड़ा था। कमरे के अंदर रखी दो बोरी चावल, ब्लूटूथ स्पीकर, गैस सिलेंडर, गणित एवं विज्ञान किट, बर्तन समेत अन्य सामग्री गायब थी।


विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार पाठक ने तत्काल पीआरवी को सूचना दी और कस्बा चौकी रामगंज में लिखित तहरीर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णमोहन सिंह ने बताया कि वह लखनऊ में हैं और मामले की जानकारी लेकर चौकी प्रभारी रामगंज विकास कुमार को मौके पर भेजा जा रहा है। जांचोपरांत प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।

























