मैच के दौरान स्टेडियम छोड़ गए पीसीबी चीफ, टीम में बड़े बदलाव के संकेत
नई दिल्ली/कोलंबो। भारत के खिलाफ 61 रन की करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) प्रमुख मोहसिन नकवी मैच के दौरान ही आर प्रेमदासा स्टेडियम से चुपचाप निकल गए थे, जब टीम 97/9 के स्कोर पर संघर्ष कर रही थी।
भारतीय टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 61 रनों से मात दी गई। इस हार के बाद पीसीबी चीफ की भी जमकर आलोचना हुई। पूर्व पाक तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने तो नकवी को ‘जाहिल’ तक कह दिया।
‘बड़े मैचों में ऐसा प्रदर्शन मंजूर नहीं’
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नकवी ने अपनी नाराजगी टीम मैनेजर नावेद अकरम चीमा को एक वरिष्ठ बोर्ड अधिकारी के माध्यम से जाहिर की। उनका सख्त संदेश था कि बड़े मुकाबलों में ऐसा प्रदर्शन न तो समझ में आता है और न ही स्वीकार्य है। बताया जा रहा है कि नकवी के कार्यभार संभालने के बाद भारत-पाकिस्तान की यह छठी भिड़ंत थी। हालांकि मैदान के बाहर बयानबाजी और रणनीति पर चर्चा होती रही, लेकिन मैदान पर टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।
बाबर और शाहीन पर गिर सकती है गाज
हार के बाद टीम मैनेजमेंट ने देर रात तक बैठक की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आगामी मुकाबले में बड़े बदलाव संभव हैं। पूर्व कप्तान बाबर आजम और तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को बेंच पर बैठाने पर विचार किया जा रहा है। उनकी जगह सलमान मिर्जा/नसीम शाह और फखर जमान को मौका दिया जा सकता है। हेड कोच माइक हेसन ने भी टीम से कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया। अब देखना होगा कि अगले मैच में पाकिस्तान किस रणनीति के साथ उतरता है और क्या टीम इस हार से उबर पाती है।
























