एसआईआर कार्यों की समीक्षा बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
अमेठी, संवाददाता: सहायक निर्वाचन अधिकारी/खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) शिव कुमार यादव ने शुक्रवार को बीएलओ एवं उनके साथ लगाए गए शिक्षकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नवीन दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नोटिस प्राप्त होने के बाद भी यदि कोई मतदाता दो दिनों के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत नहीं करता है, तो उसका नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। उन्होंने प्रारूप-7 के अंतर्गत प्राप्त नाम विलोपन के आवेदनों की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता अथवा बीएलए द्वारा दिए गए आवेदन पर बिना जांच-पड़ताल के कोई निर्णय न लिया जाए। यदि संबंधित मतदाता क्षेत्र में मौजूद है अथवा कुछ समय के लिए बाहर गया है, तो किसी भी परिस्थिति में उसका नाम मतदाता सूची से नहीं काटा जाना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया गया, तो इसके लिए संबंधित बीएलओ को सीधे तौर पर जिम्मेदार माना जाएगा। बैठक में बताया गया कि बूथवार नोटिसों की सुनवाई की प्रगति 30 से 50 प्रतिशत के बीच है। लापरवाह मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं।बैठक में सलिल मिश्र, संजीव कुमार, उमेश चंद्र त्रिपाठी, लालती देवी, संध्या गुप्ता, विश्राम, संगमलाल, बीएलओ ज्ञान चंद पांडेय, आशा देवी, अर्चना वर्मा, सावित्री कश्यप, रामदेव, शिवकरन गुप्ता, आशा यादव, संगीता, संगीता देवी, संतोष कुमार, अवधेश कुमार, रीना रानी, सतीश शर्मा, दिलीप कुमार, आराधना उपाध्याय, उर्मिला पाल, वरुण बरनवाल, संदीप ओझा, निरंजन भीम, हरि गुलाम वर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।























