सीएम योगी के सख्त आदेश के कुछ घंटे बाद गोमतीनगर में बाइक सवार का चेहरा कटा, 24 टांके लगे
लखनऊ,संवाददाता : हैदरगंज ओवरब्रिज पर एमआर मोहम्मद शोएब की चाइनीज मांझे से मौत और गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चाइनीज मांझा बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश के महज चंद घंटे बाद राजधानी लखनऊ में एक और दर्दनाक घटना सामने आई। गोमतीनगर विस्तार में शहीद पथ किनारे स्थित इकाना हॉस्पिटल के पास चाइनीज मांझे की धार से बाइक सवार रिटायर्ड सैन्यकर्मी बृजेश राय का चेहरा बुरी तरह कट गया।
मांझे की धार लगते ही बृजेश राय दर्द से असंतुलित हो गए और खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें इकाना हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख कैंट स्थित सेना के कमांड अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां करीब 24 टांके लगाए गए, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
सेना से रिटायर होकर कर रहे थे सुरक्षा गार्ड की नौकरी
अर्जुनगंज साईंदाता रोड स्थित सरजू नगर कॉलोनी निवासी बृजेश राय कुछ वर्ष पूर्व सेना से रिटायर हुए थे। परिवार के भरण-पोषण के लिए वे एक कैंसर अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत थे। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। गुरुवार दोपहर बृजेश किसी निजी काम से मोटरसाइकिल द्वारा गोमतीनगर जा रहे थे। शहीद पथ किनारे इकाना हॉस्पिटल के पास अचानक उड़ते चाइनीज मांझे की धार उनके चेहरे में फंस गई। जब तक वे बाइक रोक पाते, खिंचाव के कारण दाहिनी ओर का चेहरा बुरी तरह कट गया और वे सड़क पर गिर पड़े।
राहगीरों ने दिखाई इंसानियत
सड़क पर गिरते देख राहगीर मदद के लिए दौड़े। देखा तो उनके होठ और गाल बुरी तरह कट चुके थे और खून की धार बह रही थी। राहगीरों ने रूमाल से मुंह बांधकर उन्हें तुरंत इकाना हॉस्पिटल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान अस्पताल प्रशासन ने घायल के परिजनों को सूचना दी। हालत देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बाद में उन्हें कमांड अस्पताल ले जाया गया, जहां टांके लगाए गए शाम तक यह रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
पुलिस को सोशल मीडिया से मिली जानकारी
इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें भी घटना की जानकारी मिली है। घायल या उनके परिजनों द्वारा अभी तक थाने या डायल-112 पर कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आसपास कौन पतंग उड़ा रहा था।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
- बच्चों को बाइक पर आगे न बैठाएं
- दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का आगे का कवर नीचे रखें
- गले पर मफलर या रूमाल जरूर बांधें
- अगर कहीं पतंग की डोर दिखे तो तुरंत बाइक रोक लें
2017 से प्रतिबंधित है चाइनीज मांझा
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने 11 जुलाई 2017 को चाइनीज मांझे के निर्माण, बिक्री और इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। आदेश में साफ कहा गया कि इसका उपयोग कानूनन अपराध है। इसके बावजूद चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री और इस्तेमाल पर अब तक पूरी तरह रोक नहीं लग सकी है।
चोरी-छिपे बिक रहा चाइनीज मांझा
सूत्रों के अनुसार अकबरी गेट, वजीरबाग, बाजारखाला, हुसैनगंज और बाबूगंज समेत कई इलाकों में चाइनीज मांझा चोरी-छिपे बेचा जा रहा है।
नायलॉन के धागे पर कांच की कोटिंग से तैयार यह मांझा इतना मजबूत होता है कि इसे काटने के लिए कैंची की जरूरत पड़ती है, जबकि सामान्य मांझा आसानी से टूट जाता है। सामान्य मांझा चाइनीज मांझे की तुलना में महंगा भी होता है।
पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
- 04 फरवरी 2026: हैदरगंज ओवरब्रिज पर एमआर मोहम्मद शोएब की मौत
- 08 अक्टूबर 2025: बिल्लौचपुरा ओवरब्रिज पर व्यापारी नेता आसिम मार्शल घायल
- 04 अप्रैल: विधानभवन के सामने सिपाही आरती कुमारी घायल
- 23 फरवरी: बीबीडी में शुभम घायल
- 02 अक्टूबर 2024: पकरी पुल पर दरोगा आसिफ अली घायल
- 25 अगस्त: नाका फ्लाईओवर पर सैफ घायल
- 28 जुलाई: विधानभवन के पास दिलीप कनौजिया की गर्दन कटी
- 16 जून: चौक में सुधाकर की मौत
- 14 नवंबर 2023: अलीगंज में अभिषेक घायल
- जून 2023: खुर्रमनगर में दो बच्चे घायल
- 15 मई: पिता के साथ जा रही मर्सिया हुसैन मांझे की चपेट में आई























