राज्यसभा में सांसद अमर पाल मौर्य ने उठाया मुद्दा
प्रतापगढ़, संवाददाता : अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या–चित्रकूट मार्ग पर श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इसी को देखते हुए राज्यसभा सदस्य अमर पाल मौर्य ने सोमवार को सदन में राम वन गमन पथ के किनारे श्रीराम विश्राम गृह बनाए जाने की मांग उठाई।
सांसद मौर्य ने कहा कि यदि प्रत्येक 20 से 25 किलोमीटर की दूरी पर विश्राम गृहों का निर्माण किया जाए, तो इससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान रात्रि विश्राम की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि यह पावन मार्ग उत्तर प्रदेश के अमेठी, सुलतानपुर, प्रतापगढ़ और प्रयागराज जिलों से होकर गुजरता है, जिसकी कुल लंबाई लगभग 210 किलोमीटर है। उन्होंने सदन को अवगत कराया कि वर्तमान में प्रतिदिन 30 हजार से अधिक श्रद्धालु इस मार्ग का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन सुरक्षित और किफायती ठहराव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इस कारण श्रद्धालुओं को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अमर पाल मौर्य ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि राम वन गमन पथ को एक आदर्श आध्यात्मिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने हेतु समग्र कार्ययोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ-साथ सुविधाओं का भी समुचित ध्यान रखा जा सके।






















