कोटेदारों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताई समस्या

(अमेठी), संवाददाता : तहसील परिसर में शनिवार को कोटेदार संघ के अध्यक्ष महेंद्र पांडे के नेतृत्व में दर्जनों उचित दर विक्रेताओं ने लंबित कमीशन के भुगतान को लेकर शांतिपूर्ण धरना दिया और उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराया। आरोप है कि उन्हें अक्टूबर माह से जनवरी माह तक का लाभांश अभी तक अप्राप्त है।
महेंद्र पांडे ने कड़े शब्दों में प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि यदि समय रहते बकाया कमीशन का भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया, तो समस्त कोटेदार अन्न वितरण कार्य का पूर्ण बहिष्कार करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना लाभांश के कोटेदारों के सामने जीविकोपार्जन का संकट खड़ा हो गया है। यदि हमारे धैर्य की परीक्षा ली गई, तो राशन वितरण प्रणाली पूरी तरह बाधित हो जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और संबंधित विभाग की होगी।
धरने की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम अमेठी, आशीष कुमार सिंह ने कोटेदारों के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की। उन्होंने कोटेदारों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगें जायज हैं और तकनीकी कारणों से रुके हुए भुगतान की प्रक्रिया को गति दी जाएगी। संघ का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों में बैंक खातों में धनराशि हस्तांतरित नहीं हुई, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए बाध्य होंगे।























