अधिकारियों और कर्मचारियों ने आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
अमेठी,संवाददाता : जनपद अमेठी में 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित “राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह” का समापन 31 जनवरी 2026 को उप-सम्भागीय परिवहन कार्यालय के परिसर में वृहद सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी महेश बाबू गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत परिवहन विभाग को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा समिति से जुड़े विभिन्न स्टेक होल्डर विभागों के विभागाध्यक्षों के साथ-साथ जनपद के विभिन्न स्कूलों के प्रबंधक/प्रधानाचार्य, छात्र-छात्राएं, मीडियाकर्मी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा सड़क सुरक्षा विषय पर चित्रकला, गायन, भाषण एवं नाटक जैसे रचनात्मक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रतियोगिताओं में प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा स्तर के छात्र-छात्राओं द्वारा प्राप्त प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थानों को सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) महेन्द्र बाबू गुप्ता, क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक दिनेश कुमार मिश्र, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, अधिशासी अभियन्ता प्रांतीय खण्ड शैलेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियन्ता निर्माण खण्ड रामेश चन्द्र, आईटीआई जायस के प्रधानाचार्य शिवाकांत द्विवेदी, बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, यात्रीकर अधिकारी दिनेश कुमार रावत सहित उप-सम्भागीय परिवहन कार्यालय के कर्मचारी धर्मराज मिश्रा, प्रांजुल तिवारी, जय प्रकाश, शिवांशु एवं शिवम गौतम, प्रवर्तन दल के कर्मचारी और आमजनमानस उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
























