लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी नए चेहरे के साथ राज्य इकाई को देना चाहती है नई दिशा
लखनऊ, संवाददाता : भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में एक नए प्रदेश अध्यक्ष की तैनाती करने जा रही है। इस कवायद के तहत पार्टी 14 दिसंबर से पहले नए अध्यक्ष का नाम सार्वजनिक कर सकती है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का कार्यकाल समाप्त होने के चलते भाजपा लंबे समय से संगठनात्मक बदलाव की तैयारी कर रही है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष ने स्वयं ऐसे संकेत भी दे दिए हैं।
दरअसल, प्रक्रिया अंतिम चरण में है और समझा जा रहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव और 2026 के पंचायत चुनाव को देखते हुए भाजपा इस बार ओबीसी समुदाय के नेता को प्राथमिकता दे सकती है। उदाहरण के तौर पर बीते दिनों ही घोषित जिलाध्यक्षों में भी जातीय संतुलन को प्रमुखता दी गई है। पार्टी सूत्रों का कहना है भावी चुनावों के लिए संगठन को सामाजिक समीकरणों के अनुरूप मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
हाल ही में लखनऊ में आरएसएस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई एक अहम बैठकों में नए अध्यक्ष के नाम पर विस्तार से चर्चा हो चुकी है। माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर सहमति लगभग बन गई है। समीक्षकों का आंकलन है कि 14 दिसंबर से खरमास शुरु हो रहा है, ऐसे में इससे पहले नाम घोषित होने की संभावना है।























