फिरौती के लिए अपहरण जिहादी संगठनों के लिए आम रणनीति बन चुका है
नाइजीरिया : अफ्रीकी देशों में आपराधिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और नाइजीरिया भी इससे अछूता नहीं है। देश में अपराध तेजी से बढ़ रहा है और आए दिन गंभीर आपराधिक घटनाएँ सामने आ रही हैं। विशेष रूप से किडनैपिंग के मामलों में भारी वृद्धि देखी जा रही है, जिससे सुरक्षा हालात अत्यंत चिंताजनक हो गए हैं। इसी कड़ी में दो नए बड़े किडनैपिंग की घटनाएँ सामने आई हैं।
बंदूक की नोक पर 26 लोगों का अपहरण
नाइजीरिया में दो अलग-अलग घटनाओं में कुल 26 लोगों को बंदूक की नोक पर किडनैप कर लिया गया। कोगी राज्य के ईजिबा (Ejiba) शहर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ हथियारबंद बदमाश एक ग्रामीण चर्च में घुस आए। हमले के समय लोग प्रार्थना कर रहे थे। हमलावर पादरी और उसके 11 अनुयायियों को जबरन घसीटकर ले गए और किडनैप कर लिया। इससे पहले शनिवार रात को हथियारबंद बदमाशों ने सोकोतो (Sokoto) राज्य के चाचो (Chacho) गांव में धावा बोला। यहाँ से 14 लोगों को किडनैप कर लिया गया। अपहृत लोगों में एक दुल्हन, उसकी 10 सहेलियाँ, एक शिशु, उसकी माँ, और एक अन्य महिला शामिल है।
किडनैपिंग बना राष्ट्रीय सुरक्षा संकट
नाइजीरिया में किडनैपिंग के मामलों में पिछले कुछ महीनों से भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है। फिरौती के लिए अपहरण करना स्थानीय अपराधियों और जिहादी संगठनों के लिए आम रणनीति बन चुका है। कई बार ऐसे गिरोह सैकड़ों लोगों का सामूहिक अपहरण कर लेते हैं। सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के प्रयासों के बावजूद किडनैपिंग के मामलों में कोई ठोस कमी नहीं आ रही है, जो नाइजीरिया की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।





















