मंच से आज जनता को कर रहीं संबोधित

लखनऊ,संवाददाता : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से आज राजधानी लखनऊ में आयोजित होने जा रही कांशीराम के 19वें परिनिर्वाण दिवस की रैली को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। यह आयोजन पुरानी जेल रोड स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर किया जा रहा है, जहां बसपा प्रमुख मायावती पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। इस रैली के जरिए पार्टी एक बार फिर से अपना खोया हुआ जनाधार वापस पाने और संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है।
शक्ति प्रदर्शन की तैयारी, पांच लाख की भीड़ का अनुमान
पार्टी की ओर से इस रैली को विशाल रूप देने की पूरी कोशिश की गई है। लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों और अन्य राज्यों से लाखों की संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने का अनुमान है। शहरभर को बसपा के प्रतीक नीले झंडों, पोस्टरों और बैनरों से सजाया गया है।

मायावती करेंगी हुंकार, बड़े नेता रहेंगे मंच पर मौजूद
रैली में बसपा सुप्रीमो मायावती अपने चिर-परिचित अंदाज में पार्टी को नया संदेश देने के लिए मंच से हुंकार भरेंगी। उनके साथ मंच पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार, राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद और सतीश चंद्र मिश्रा जैसे वरिष्ठ नेता भी मौजूद रह सकते हैं।
राजनीतिक संकेत: 2027 की तैयारी शुरू?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह रैली 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले बसपा की रणनीतिक तैयारियों की शुरुआत मानी जा सकती है। फिलहाल राज्य में राजनीतिक लड़ाई योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के बीच मानी जा रही है, लेकिन अगर बसपा की यह रैली सफल होती है तो मायावती इस मुकाबले में फिर से अहम भूमिका में आ सकती हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम, कई रास्तों पर यातायात प्रतिबंधित
रैली को देखते हुए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतज़ाम किए हैं। कुल 2,114 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही सादी वर्दी में भी खुफिया विभाग (LIU) के अधिकारी भीड़ में निगरानी करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस और दमकल वाहन भी मौजूद रहेंगे।
तैनात सुरक्षा बलों का विवरण:
- डीसीपी: 4
- एडीसीपी: 7
- एसीपी: 21
- इंस्पेक्टर: 69
- उप निरीक्षक: 549
- महिला उप निरीक्षक: 31
- हेड कांस्टेबल: 341
- महिला कांस्टेबल: 165
- होमगार्ड: 182
- PAC की कंपनियां: 4
- RAF की कंपनी: 1
रैली के मद्देनज़र कई मार्गों पर यातायात भी प्रतिबंधित रहेगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।